पर्यावरण संरक्षण को लेकर पाठशाला का आयोजन

इंद्रप्रस्थ कैंब्रिज पब्लिक उमावि में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर पर्यावरण पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरुक करना तथा संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को पेड़-पौधों व जल संरक्षण का महत्व समझाया गया तथा पॉलीथिन के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रदूषण, जल संकट एवं जलवायु परिवर्तन जैसी वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला गया। पर्यावरण संरक्षण में हमारी भूमिका विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों को ग्रीन प्लेनेट की अवधारणा समझाई गई तथा व्यवहारिक रूप से बीजारोपण करवाकर प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पर्यावरण विषयक सांप-सीढ़ी खेल, गीले–सूखे एवं हानिकारक कचरे का पृथक निस्तारण तथा पर्यावरण विषय पर विचार अभिव्यक्ति शामिल रही। स्कूल में इको क्लब के गठन की जानकारी देकर विद्यार्थियों को निरंतर पर्यावरणीय गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। स्कूल निदेशक अशोक गोयल ने विद्यार्थियों को प्रकृति का मित्र बनने का संदेश दिया। सह-निदेशक डॉ. अभिषेक गोयल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानाचार्य शाजी मैथ्यू ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करती हैं। कार्यक्रम का समापन पूजा गोयल की ओर से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर किया गया। कार्यक्रम में स्नेहा, संतोष, महक, रमेश, लविना सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *