एसीपी बोले-बयान देने वाली महिला ने थाने आ माफी मांगी

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना गेट हकीमां के अधीन आते ढप्पई रोड इलाके में कुछ हमलावरों ने घर में घुसकार तेजधार हथियारों से युवक को घायल कर दिया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर इलाके में नशा बेचते है जिसका विरोध करने पर रंजिश में हमला किया गया। वहीं इस सारे घटनाक्रम में एसीपी जसपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि यह झगड़ा आपसी रंजिश का है और एक गुट की ओर से नशे को लेकर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। पुलिस दोनों गुटों की ओर से आई शिकायतों की जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके तहत अगली कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता सुनीता का कहना है कि सोमवार सुबह ढप्पई रोड चौक पर कुछ लोग नशा बेच रहे थे। उसके साथ गोपी और विशू भी थे। पति ने उन्हें सुबह कहा कि नशा नहीं बेचने देगा। इसके बाद पति पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए और अस्पताल में दाखिल हैं। वहीं वह अपना बचाव करने के लिए पड़ोसियों के घर में घुस गई तो हमलावरों ने वहां पर भी ईंट-पत्थर चलाएं। हमलावर धमकियां देते हुए कहकर गए कि पुलिस को 50 हजार रुपए महीना भरते हैं और उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। हमलावरों ने घर के बाहर लगा मोटरसाइकिल भी तोड़ दिया । एसीपी जसपाल सिंह का कहना है कि महिला की ओर से पुलिस को नशा बेचने के लिए पैसे देने के जो आरोप लगाए गए हैं, वह पूरी तरह से गलत है। दोनों गुटों का मामला थाने में पहुंचा है और इसमें कोई भी नशा संबंधी सबूत मिलेंगे तो उसके तहत कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो महिला यह आरोप लगा रही थी उसने थाने में पहुंच कर माफी मांगी है और कहा कि उसने किसी के बहकावे में यह बयान दिया है। ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी आरोपी पाया जाएगा उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *