भास्कर न्यूज | नारायणपुर नारायणपुर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति द्वारा संचालित भारत गैस एजेंसी में पिछले 15 दिनों से गैस वितरण पूरी तरह ठप है। जिससे क्षेत्र के 1100 से अधिक सामान्य एवं उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विगत सात वर्षों से संचालित यह एजेंसी क्षेत्र की प्रमुख एलपीजी आपूर्ति इकाई है, लेकिन वर्तमान में व्यवस्थागत लापरवाही के चलते उपभोक्ता संकट में हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार गैस वितरण कार्य के लिए पदस्थ ऑपरेटर का हाल ही में अन्यत्र तबादला कर दिया गया। उनकी जगह नए ऑपरेटर की पदस्थापना तो की गई, लेकिन नए ऑपरेटर ने गैस वितरण कार्य करने में असमर्थता जताई है। उनका कहना है कि वे पूर्व में धान मंडी के खरीदी केंद्र से जुड़े रहे हैं और उन्हें गैस वितरण से संबंधित कोई अनुभव नहीं है। इसी कारण बीते 15 दिनों से गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह बाधित है। गैस आपूर्ति ठप होने से नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति गंभीर होती जा रही है। कई परिवारों को भोजन बनाने के लिए लकड़ी, कोयला अथवा अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। खासकर उज्ज्वला योजना के लाभार्थी, जिनके लिए रसोई गैस ही एकमात्र साधन है, सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता का आक्रोश बढ़ सकता है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि या तो पूर्व पदस्थ अनुभवी ऑपरेटर को वापस लाया जाए या किसी प्रशिक्षित ऑपरेटर की तत्काल नियुक्ति कर गैस वितरण व्यवस्था बहाल की जाए। रोज एजेंसी जा रहे लोग और खाली हाथ लौट रहे रोजाना सुबह से ही एजेंसी कार्यालय के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। दूर-दराज के गांवों से सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि गैस वितरण के लिए कोई ऑपरेटर उपलब्ध नहीं है। कई उपभोक्ता लगातार कई दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। जल्द ऑपरेटर देंगे ^मीडिया के माध्यम से नारायणपुर में गैस वितरण बाधित होने की जानकारी मिली है। एजेंसी प्रबंधन द्वारा समय रहते सूचना नहीं दी गई। संबंधित अधिकारियों से बात कर शीघ्र ही गैस वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अनिल तिर्की, सहायक आयुक्त, सहकारिता विभाग।


