राष्ट्रीय एकता की भावना लोगों में मजबूत कर रहा जवाहर नवोदय विद्यालय : मीणा

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बारसूर के वार्षिक पैनल निरीक्षण में पहुंची टीम ने विद्यालय की शैक्षणिक, अकादमिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह की असेंबली से लेकर दिनभर चलने वाली गतिविधियों, पढ़ाई, खेलकूद, आवासीय व्यवस्था, भोजन से लेकर तमाम गतिविधियों का 3 दिनों तक निरीक्षण किया। विद्यालय की व्यवस्था और उपलब्धियों को टीम ने सराहा व जरूरी सुझाव भी दिए। इस मौक़े पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में, नवोदय विद्यालय संगठन के सहायक आयुक्त मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय के प्राचार्य, स्टाफ और छात्र-छात्राओं के बेहतरीन प्रयास से जेएनवी दंतेवाड़ा असंभव कार्य को भी संभव कर दिखाता है। यह विद्यालय विपरीत हालात के बीच उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर रहा है। बस्तर अद्भुत है। नई पीढ़ी पुरानी पीढ़ी की परम्परा को सहेजकर आगे बढ़ रही है। स्टाफ व प्रिंसिपल की मेहनत और बच्चों का उत्साह अद्वितीय है। बच्चे विभिन्न विधाओं में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं, अनुशासन भी बेहतर है। हमने देखा विभिन्न प्रांतों की सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए एक साथ सांस्कृतिक विविधता में राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया, जो नवोदय का उद्देश्य ही है। बच्चे इसी तरह आगे चलकर देश की तरक्की में अपना योगदान दें। पैनल इंस्पेक्शन टीम के सदस्य के तौर पर टीके चट्टोपाध्याय, प्राचार्य जेएनवी सुंदरगढ़ ओड़िशा, इतिबाई प्राचार्य जेएनवी जगदलपुर, विवेक शुक्ला प्राचार्य जेएनवी काकेर, बीके शर्मा, प्राचार्य ईएमआरसी कटेकल्याण ने भी बच्चों को प्रेरित किया। संस्था के प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार यादव ने स्वागत उद्बोधन दिया। लोक नृत्य की प्रस्तुति से बच्चों ने सभी का मन मोहा इस मौके पर विद्यालय के बच्चों ने छत्तीसगढ़ी, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, मध्यप्रदेश समेत विभिन्न प्रांतों के लोक नृत्य से मन मोह लिया। अंत में अतिथियों ने पढ़ाई और खेल गतिविधियों में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *