नारायणपुर में शोभायात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ

भास्कर न्यूज | नारायणपुर नगर में सोमवार से सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा और शोभायात्रा के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन राधा कृष्ण मंदिर समिति मुरियापारा द्वारा 22 से 28 दिसंबर तक राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण, मुरियापारा में आयोजित किया जा रहा है। रामकथा से पूर्व मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की बड़ी सहभागिता रही। पारंपरिक पीली वेशभूषा में महिलाएं सिर पर कलश और हाथों में ध्वज लेकर प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाती हुई डीजे की धुन पर आगे बढ़ती रहीं। यात्रा मंदिर से चांदनी चौक, पाठक चौक, राजीव चौक होते हुए बंधवा तालाब पहुंची, जहां जल भरकर बुधवारी बाजार मार्ग से पुनः मंदिर प्रांगण लौटी। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कथा पंडाल में प्रथम दिन कथा वाचन आचार्य पंडित अनिल तिवारी (ग्राम अरमरीकला, जिला बालोद) ने किया। उन्होंने रामचरितमानस की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कलयुग में राम नाम ही मोक्ष का सरल मार्ग है। भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति के अशोक यादव व प्रद्युम्न निषाद ने बताया कि श्रीराम कथा दोपहर 1 बजे से हरि इच्छा तक होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *