देशभर में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और अब साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका अपनाया है। इस नए स्कैम में ठग व्हाट्सएप के जरिए आपके मोबाइल फोन को हैक कर रहे हैं। इंस्पेक्टर हरसिमरत, एसएचओ साइबर क्राइम, अमृतसर देहाती ने बताया कि स्कैमर व्हाट्सएप पर आपको एक APK फाइल भेजते हैं। यह फाइल देखने में बिल्कुल सामान्य लगती है। कभी शादी का निमंत्रण, कभी अंतिम संस्कार का कार्ड, तो कभी किसी कार्यक्रम का इनविटेशन। कई बार यह मैसेज किसी जान-पहचान वाले के नाम से भी आ सकता है। लेकिन जैसे ही आप इस फाइल को डाउनलोड या ओपन करते हैं, आपका मोबाइल फोन हैक हो सकता है। फोन हैक होते ही आपकी निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स, ओटीपी और सोशल मीडिया अकाउंट साइबर अपराधियों के कब्जे में चले जाते हैं, जिससे आपको भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। इस साइबर ठगी से बचने के लिए आपको कुछ जरूरी सावधानियां अपनानी होंगी— सबसे पहली और अहम बात – किसी भी अनजान या संदिग्ध APK फाइल को डाउनलोड न करें। दूसरी बात – अपने व्हाट्सएप की सेटिंग में जाकर ऑटोमैटिक मीडिया डाउनलोड का विकल्प तुरंत बंद करें। तीसरी बात – अगर कोई मैसेज संदिग्ध लगे, तो उसे बिना खोले तुरंत डिलीट करें। अगर फिर भी आप किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो घबराएं नहीं। तुरंत अपने नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं या साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।


