छत्तीसगढ़ की त्रिवेणी पर राजिम कुंभ की तैयारियां शुरू:52 एकड़ के नए मेला स्थल पर होगा भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं को मिलेगी विशेष सुविधाएं

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पवित्र त्रिवेणी संगम पर 2025 में लगने वाला राजिम कुंभ कल्प इस बार नए मेला स्थल पर आयोजित होगा। इसके लिए लगभग 52 एकड़ के नए मेला स्थल का चयन किया गया है। राजिम कुंभ कल्प में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिसमें मुख्य मंच, दुकानें, विभागीय स्टॉल और मीना बाजार शामिल है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, वीवीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड की भी व्यवस्था की जाएगी। राजिम कुंभ कल्प 2025 की तैयारियों को लेकर राजिम के सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजिम विधायक रोहित साहू, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कावरे और कलेक्टर दीपक अग्रवाल समेत धमतरी, महासमुंद और रायपुर जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विधायक साहू ने मेले को भव्य रूप देने का आह्वान किया। संभाग आयुक्त कावरे ने चारों जिलों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर अग्रवाल ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय और उप संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग प्रतापचंद पारख भी उपस्थित थे। मेला स्थल को जोड़ने बनेंगी सड़क बैठक में संभाग आयुक्त कावरे ने बताया कि राजिम मेला 12 से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित की जाएगी। गंगा आरती स्थल से नए मेला स्थल तक नदी किनारे कनेक्टिंग रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं के आने-जाने में आसानी होगी। इसके लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही घाट निर्माण, मरम्मत एवं आसपास साफ सफाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुराने स्थल में होगा संत समागम व गंगा आरती बैठक में बताया गया कि पुराने स्थल में केवल संत समागम एवं गंगा आरती का आयोजन होगा। इसके अलावा सभी आयोजन एवं गतिविधियां नए मेला स्थल में आयोजित की जाएगी। पुराने स्थल पर कोई भी अस्थाई दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। सभी अस्थाई दुकान नई जगह पर लगाई जाएगी। संभाग आयुक्त कावरे ने नए स्थल पर लगने वाले मीना बाजार एवं पार्किंग स्थल के लिए टेंडर प्रक्रिया के लिए जरूरी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों का आवंटन एसडीएम की अध्यक्षता में समिति गठित द्वारा की जाएगी। इसके लिए भी तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। विभागों को सौंपे गए दायित्व राजिम कुंभ कल्प की तैयारी के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति, अस्थाई शौचालय निर्माण, पाइपलाइन एवं पानी टंकी की तैयारी समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को अस्थाई अस्पताल सहित पर्याप्त मात्रा में एंबुलेंस एवं अन्य मेडिकल सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *