भास्कर न्यूज | राजिम शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय के तत्वावधान में शनिवार को एक दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीन बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में जिले और आसपास की छह टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य नंदिनी ओंकार साहू रहीं। अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि प्रवीण पुष्पाकर, शिवकुमार पांडे और खेल शिक्षक गोपाल साहू मौजूद रहे। पुरुष वर्ग का खिताब नेताजी सुभाष महाविद्यालय अभनपुर ने जीता। टीम के कप्तान राहुल ने शानदार खेल दिखाया। पीजी कॉलेज महासमुंद की टीम उपविजेता रही। इस टीम से ओम ने चार बेहतरीन शॉट्स लगाकर अहम अंक जुटाए। तीसरा स्थान मेज़बान राजीव लोचन महाविद्यालय राजिम को मिला। महिला वर्ग में गुरु घासीदास महाविद्यालय कुरूद विजेता बना। टीम की खिलाड़ी सारिका वर्मा और भूमिका साहू के प्रदर्शन की सराहना हुई। नेताजी सुभाष महाविद्यालय अभनपुर को उपविजेता स्थान मिला। हीरालाल काव्य उपाध्याय महाविद्यालय अभनपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में गुरु घासीदास महाविद्यालय कुरूद, सेठ फूलचंद अग्रवाल महाविद्यालय नवापारा, पीजी कॉलेज महासमुंद, हीरालाल काव्य उपाध्याय महाविद्यालय अभनपुर, नेताजी सुभाष महाविद्यालय अभनपुर और मेजबान राजीव लोचन महाविद्यालय राजिम की टीमें शामिल हुईं। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।


