जोधपुर की MBM यूनिवर्सिटी में नकल कर रहे मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र ने एग्जामिनर और HOD के साथ हाथापाई कर डाली। आरोप है कि उसने एग्जामिनर को चांटा जड़ दिया। वहीं यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट HOD को पेट में लात मारी और मुंह पर घूंसा जड़ दिया। करीब 1 घंटे चले हंगामे के बाद छात्र को स्टाफ रूम में बैठाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। मामला जोधपुर के रातानाडा थाना इलाके का सुबह 11:15 बजे का है। थाने के ASI रघुवीर सिंह ने बताया कि MBM (मंगनीराम बांगड़ मेमोरियल) यूनिवर्सिटी के टीचर्स अमित मीणा और श्रवण राम मेघवाल ने ME फर्स्ट ईयर के छात्र महेंद्र चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दी है। कुलपति डॉ. अजय शर्मा ने इसके बाद देर रात स्टाफ के साथ की मीटिंग के बाद छात्र को निलंबित कर दिया है। छात्र को शांति भंग में गिरफ्तार किया इसमें बताया कि सोमवार को 10 बजे से मैकेनिकल इंजीनियरिंग के फर्स्ट सेमेस्टर के एग्जाम चल रहे थे। इस दौरान एग्जाम हॉल में एग्जामिनर के रूप में अमित मीणा की ड्यूटी थी। मीणा ने महेंद्र को मोबाइल से नकल करते हुए देख लिया। इस पर उसे टोका तो वह बहस करने पर उतारू हो गया। इसके बाद छात्र बाथरूम में भाग गया और अपना मोबाइल फेंक आया। इसकी सूचना अमित मीणा ने जब केंद्र अधीक्षक श्रवण राम को दी तो वे भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान छात्र वापस आया और इनविजिलेटर अमित मीणा और केंद्र अधीक्षक श्रवण राम के साथ मारपीट की। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची महेंद्र चौधरी को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा तो बाथरूम में भागा श्रवण राम ने बताया- वह कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रोफेसर एंड हेड हैं। इसके साथ ही उनके पास केंद्र अधीक्षक की भी जिम्मेदारी भी है। सोमवार सुबह मैकेनिकल इंजीनियरिंग और BA के स्टूडेंट के एग्जाम चल रहे थे। इसी दौरान करीब 10 बजे मुझे सूचना मिली कि एक छात्र मोबाइल से नकल कर रहा था। उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह बाथरूम में भाग गया। बोले-मुझे लात मारी, मुंह पर घूंसा जड़ा श्रवण राम ने बताया- जब वहां पहुंचा तो महेंद्र अमित मीणा के साथ हाथापाई करने लगा। मैंने वीडियो बनाना शुरू किया तो अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए मुझे लात मारने की कोशिश की। मैं तुरंत पीछे हटा। इसके बाद भी महेंद्र नहीं रूका। श्रवण राम ने आरोप लगाया कि बीच बचाव के दौरान महेंद्र ने उनके पेट पर लात मारी और मुंह पर घूंसा भी मारा, इससे उनके जीभ कट गई। एग्जामिनर बोले- पहले भी कर चुका ऐसी हरकतें वहीं अमित मीणा ने आरोप लगाया कि उनकी ड्यूटी एग्जामिनर के तौर पर लगी थी। उन्होंने जब महेंद्र को नकल करते हुए पकड़ा तो उसने उनके गाल पर तमाचा जड़ा। इसके साथ ही उनके साथ हाथापाई करता रहा। मीणा ने कहा- महेंद्र ने BA भी यही से की है। उस दौरान भी है इस तरह की हरकतें कर चुका है। परीक्षा आज सुबह 10:30 बजे से 1:30 के बीच थी। यह घटना 11:15 के पास की है। घटना के बाद कुलपति प्रो. अजय कुमार शर्मा ने शिक्षकों की बैठक बुलाई जिसमें छात्र को निलंबित करने की कार्रवाई की गई।


