बीकानेर में लोहड़ी पर झूमे:शहर में लोहड़ी पर पंजाबी माहौल, जगह-जगह लोगों ने मांगी मन्नत

बीकानेर में लोहड़ी के दौरान जगह-जगह आयोजन हुए। इस दौरान कहीं शाम होते ही लोहड़ी का आयोजन हो गया, तो कहीं देर रात तक शुरूआत हुई। हल्की सर्द हवाओं के बीच बीकानेर मे रहने वाले पंजाबी परिवारों ने जमकर लोहड़ी का उत्सव मनाया। बीकानेर के पंजाबी महासभा की ओर से लोहड़ी सोमवार को मनाई गई। इस दौरान कमला कॉलोनी में स्थित खैरपुर भवन में खास आयोजन हुआ। दो दिन पहले ही यहां आयोजन की तैयारी शुरू हो गई थी। महासभा के अध्यक्ष मनोज हंस और सुभाष भोला के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में पंजाबी समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। इसके अलावा रानी बाजार, इंडस्ट्रियल एरिया, अमरसिंहपुरा-सुभाषपुरा क्षेत्र में रहने वाले पंजाबी परिवारों ने भी लोहड़ी मनाई। कई पारम्परिक गीतों के साथ ही लोगों ने लोहड़ी के आगे प्रसाद भी चढ़ाया। ढोल और ताशों के आगे खैरपुर भवन में लोगों ने डांडियां लड़ाये। वहीं पंजाबी गीतों पर जमकर धमाल भी किया। कुछ होटल और रेस्टोरेंट में भी लोहड़ी पर विशेष आयोजन किए गए। रेवड़ी, मूंगफली और पॉपकॉर्न प्रसाद के रूप में चढ़ाने के साथ ही इसका वितरण भी किया गया। लोहड़ी पर अग्नि के समक्ष एकत्र होकर लोग मन्नत मांगते हैं, पूरी होने पर अगली लोहड़ी पर प्रसाद चढ़ाते हैं। सोमवार को बीकानेर के स्कूलों में भी लोहड़ी का पर्व मनाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *