हरदा नगर पालिका में सोमवार को साधारण सम्मेलन में बड़ा विवाद देखने को मिला। बैठक व्यवस्था में बदलाव के विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने सम्मेलन का बहिष्कार किया। नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष और सीएमओ कमलेश पाटीदार की मिलीभगत से बैठक व्यवस्था को बदला गया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान बताते हुए कहा कि यह नगरवासियों के हितों के साथ खिलवाड़ है। रोचलानी ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई दोहराई गई तो कांग्रेस पार्षद सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। दूसरी ओर नपाध्यक्ष भारती कमेडिया ने स्पष्ट किया कि पिछले ढाई साल से भाजपा के कई पार्षद पीछे बैठ रहे थे, जिसके कारण वार्ड के हिसाब से नई बैठक व्यवस्था की गई। 23 प्रस्ताव पास किए गए सम्मेलन में सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल की उपस्थिति में 24 में से 23 विषयों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया, जबकि एक विषय को अगली बैठक के लिए स्थगित कर दिया गया। भाजपा पार्षद अनिता राठौर और रक्षा धनगर ने खेड़ीपुरा क्षेत्र में जल वितरण का समय सुबह करने की मांग रखी, क्योंकि उनके क्षेत्र के अधिकांश लोग कामकाजी हैं। साथ ही पार्षद अनिता अग्रवाल ने बाजार क्षेत्रों में रात्रि में सफाई कराने का प्रस्ताव रखा।


