यूपी-एमपी बॉर्डर पर परिवहन चेक पॉइंट्स से अवैध वसूली की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। अब यदि किसी चेक पॉइंट पर प्राइवेट व्यक्ति गाड़ियों की जांच करता मिला, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। अवैध वसूली और दलाली रोकने के लिए परिवहन विभाग के सभी अफसर-कर्मचारियों को वर्दी में तैनात रहना और नेम प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि चेक पॉइंट्स पर पारदर्शिता और निगरानी बढ़ाने के लिए बॉर्डर एरिया में कैमरे लगाए जाएंगे। परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा ने बताया कि मऊगंज कलेक्टर व एसपी से चर्चा के बाद फैसला लिया गया है। दलालों की मौजूदगी से अवैध वसूली बढ़ती है, विभाग की छवि खराब होती है। ये निर्देश प्रदेश में 45 चेक पॉइंट्स पर तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।


