मकर संक्रांति के एक दिन पहले सोमवार को शाम-प्रशासन की टीम ने चाइनीज मांझे की दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पांच दुकानों पर चाइनीज मांझा मिला। टीम ने मांझा जब्त कर दुकानों पर जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा शहर की दो दुकानों के सामने से अतिक्रमण भी हटाया। SDM शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर मंजूषा खत्री, नगरपालिका CMO तेज सिंह यादव, कोतवाली TI ब्रजमोहन भदौरिया सहित राजस्व और नगरपालिका की टीम शाम लगभग 6 बजे नई सड़क पहुंचीं। यहां सबसे ज्यादा पतंग की दुकानें हैं। टीम ने पांच दुकानों पर छापा मारा, सर्चिंग की। यहां भारी मात्रा में चाइनीज मांझा मिला। दुकानदार बेधड़क चाइनीज मांझा बेच रहे थे, जबकि इस पर प्रतिबंध है। पांचों दुकानों से चाइनीज मांझा जब्त कर लिया गया। साथ ही सभी दुकानदारों पर एक-एक हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की
इसके बाद टीम तेलघानी स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर पहुंची। दुकानदार द्वारा सड़क पर 15 फीट आगे तक सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ था। टीम ने अतिक्रमण हटवाया। साथ ही दस फीट आगे तक लगे बोर्ड को JCB से तुड़वाया। इसके बाद जयस्तंभ चौराहा स्थित एक साइकिल की दुकान से अतिक्रमण हटाया गया। यहां भी दुकानदार ने दस फीट आगे तक साइकिल रख अतिक्रमण किया हुआ था।


