अफेयर के शक में पति की गर्लफ्रेंड के मर्डर की साजिश मामले में लेडी प्रिंसिपल काजल पटेल से सुपारी लेने वाला मास्टरमाइंड हर्ष पटेल पकड़ा गया है। अहमदाबाद निवासी हर्ष की काजल से ऑस्ट्रेलिया ट्यूर में मुलाकात हुई थी। वहीं दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी और नर्स को रास्ते से हटाने के बदले में 15 लाख रुपए में सुपारी ली थी। साड़ी का बिजनेस करने वाला हर्ष खुद को CID ऑफिसर बताता था। वो एक एनजीओ से जुड़ा था। उसी की आड़ में पुलिस के एडीजी लेवल के अफसरों के साथ फोटो खिंचवाता था। हर्ष ने ही अहमदाबाद में एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी गोपाल शर्मा को साजिश में शामिल किया और शूटर अरेंज करने को कहा था। इस बीच जब मामला खुला और आरोपी पकड़े जाने लगे तो गोपाल शर्मा ने सुसाइड कर लिया। इस मामले में अबतक 8 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पिलानी पुलिस की पड़ताल में क्या-क्या सामने आया है, पढ़िए- इस रिपोर्ट में…. ऑस्ट्रेलिया में 15 लाख रुपए में डील पिलानी (झुंझुनूं) थाने के सीआई चंद्रभान चौधरी ने बताया कि कथित CID ऑफिसर बनकर मर्डर की सुपारी लेने वाले मुख्य आरोपी हर्ष पटेल को 22 दिसंबर को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात के उंझा की रहने वाली लेडी प्रिंसिपल काजल पटेल कुछ समय पहले अपने पति हार्दिक पटेल के साथ कपल ट्यूर से ऑस्ट्रेलिया में घूमने गई थी। ट्यूर के दौरान काजल की अहमदाबाद के शक्तिनगर के रहने वाले हर्ष पटेल से जान-पहचान और दोस्ती हो गई थी। हर्ष ने खुद को CID का कथित अधिकारी बताया था। बातों ही बातों में काजल ने नर्स से जुड़ी अपनी परेशानी भी उससे शेयर की। उसने बताया कि उसके पति हार्दिक पटेल का एक नर्स के साथ अफेयर है। उस नर्स को रास्ते से हटाना है। काजल ने हर्ष को नर्स की हत्या के लिए 15 लाख रुपए में सुपारी दे दी। हर्ष पटेल असल में अहमदाबाद में एक साड़ियों की दुकान चलाता है। वह खुद को ‘एंटी करप्शन ऑफ इंडिया’ नाम के एनजीओ में वाइस प्रेसिडेंट बताता है। इसी की आड़ में उसने गुजरात पुलिस के कई अधिकारियों के साथ फोटो भी खिंचवा रखी थी। फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर वो खुद के सीआईडी ऑफिसर होने का दावा लोगों से करता था। खुद के सोशल मीडिया प्रोफाइल की डीपी में भी गुजरात पुलिस के क्राइम ADG अजय चौधरी के साथ की फोटो लगा रखी है। इसी के चलते प्रिंसिपल काजल पटेल उसके झांसे में आ गई थी। पहले तो उसने हर्ष पटेल को नर्स की कॉल डिटेल का पता लगाने को कहा। बाद में उसने नर्स की हत्या की ही सुपारी हर्ष पटेल को दे दी। 20 लाख के लालच में बिना एडवांस ली सुपारी मर्डर की सुपारी मिलने के बाद हर्ष ने गुजरात के वडोदरा में वी-परिवहन नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाने वाले अपने दोस्त गोपाल शर्मा को इस प्लान में शामिल किया। गोपाल शर्मा मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला था और क्रिमिनल था। ऐसे में वो इस काम के लिए मान गया। हालांकि काजल ने काम पूरा होने से पहले हर्ष और गोपाल को एक भी रुपया एडवांस देने से मना कर दिया था। उसने काम पूरा होने के बाद 5 लाख रुपए ज्यादा देने का वादा कर दिया था। मर्डर के बदले 20 लाख रुपए फाइनल होने के बाद गोपाल शर्मा ने अपने पास नौकरी करने वाले अनुज शर्मा को पूरा कॉन्ट्रैक्ट दे दिया। अनुज शर्मा झुंझुनूं के पिलोद का रहने वाला है। अक्टूबर में अनुज ने भूपेंद्र मेघवाल के जरिए सचिन मेघवाल से कॉन्टैक्ट कर पूरा प्लान समझाया। इसके बाद साजिश में हिमांशु जाट, मनोज वाल्मीकि और आकाश वाल्मीकि निवासी पाथड़िया को भी शामिल किया गया। इसके बाद मर्डर के लिए डील फाइनल करने वाले अनुज शर्मा से हथियार खरीदने के लिए 1 लाख रुपए एडवांस में लिए गए। ये गोपाल शर्मा ने दिए थे, इस एक लाख से मनोज और आकाश वाल्मीकि ने जयपुर में अपने एक साथी से पिस्टल खरीदी। हथियार लेकर गए थे रेकी करने, मर्डर का मौका नहीं मिला हथियार मिलने के बाद हिमांशु जाट, सचिन मेघवाल, मनोज वाल्मीकि और आकाश वाल्मीकि अक्टूबर 2025 में कार से गुजरात पहुंचे। वहां अनुज शर्मा ने उन्हें महिला नर्स की फोटो दिखाई। आरोपियों ने नर्स का शेड्यूल, आने-जाने के रास्ते और समय की रेकी की, लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था देखकर पकड़े जाने का डर हुआ। इसके चलते उन्होंने तत्काल हत्या को अंजाम नहीं दिया और वापस झुंझुनूं लौट आए। इसके बाद मर्डर की डील करने वाले अनुज शर्मा की ओर से सभी बदमाशों पर जल्द ही हत्या का दबाव बनाया। ऐसे में आरोपियों हिमांशु जाट, सचिन मेघवाल, मनोज वाल्मीकि और आकाश वाल्मीकि ने अपने दोस्त शुभम उर्फ चांद शर्मा की शादी के बाद इस वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग की। मर्डर से पहले किसी और वारदात में पकड़े गए बदमाश इस बीच 21 नवंबर 2025 को बदमाश अक्षय पंडित ने साथी सचिन मेघवाल और हिमांशु जाट के साथ मिलकर झुंझुनूं के लिखवा में फिरौती के लिए शराब ठेके पर फायरिंग की। इसी घटना की जांच के दौरान पूरा सुपारी-किलिंग नेटवर्क पुलिस के सामने आ गया। लिखवा ठेके पर फायरिंग मामले में पुलिस ने इंवेस्टिगेट करते हुए सबसे पहले झुंझुनूं के नरहड़ निवासी हिमांशु को गिरफ्तार किया। हिमांशु जाट की गिरफ्तारी के बाद ही इस साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के लिए षड्यंत्र रचने के मामले में सुपारी लेने वाले और साजिश में शामिल पिलोद सूरजगढ़ के अनुज शर्मा (22), पाथड़िया के मनोज मेघवाल (30), आकाश उर्फ बिट्टू ( 21), लीखवा के सचिन उर्फ कालू मेघवाल (24) व भूपेन्द्र कुमार (20), नरहड़ के हिमांशु जाट (19) को 8 दिसंबर को ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के डर से मास्टरमाइंड का सुसाइड इधर हत्या की पूरी साजिश रचने वाले ट्रांसपोर्टर गोपाल शर्मा को जैसे ही अनुज शर्मा की गिरफ्तारी की जानकारी मिली। पिलानी पुलिस के मुताबिक पकड़े जाने के डर से उसने 9-10 दिसंबर के बीच गुजरात के आनंद जिले की माही नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। हालांकि इस मामले में अभी पड़ताल चल रही है। 15 दिसंबर को झुंझनू पुलिस ने मास्टरमाइंड काजल पटेल (39) निवासी उंझा गुजरात को भी गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस ने 22 दिसंबर सोमवार को फर्जी सीआईडी अधिकारी हर्ष पटेल को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। 15 साल पहले हुई थी लव मैरिज गुजरात के मेहसाणा जिले के उंझा की रहने वाली प्रिंसिपल काजल पटेल ने जीरा मंडी में ब्रोकर का काम करने वाले हार्दिक पटेल के साथ 15 साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों के एक बेटा भी है। काफी टाइम पहले हार्दिक का वहीं उंझा की ही रहने वाले एक नर्स के साथ अफेयर हो गया। इसका पता जब काजल पटेल को लगा तो पहले उसकी हार्दिक के साथ और बाद में उसकी लवर नर्स के साथ झगड़ा हुआ। एक बार सब कुछ ठीक भी हो गया और हार्दिक ने नर्स से दूरियां भी बना ली। इस बीच करीब 6 महीने पहले काजल को पता चला कि हार्दिक और नर्स के बीच अफेयर बंद नहीं हुआ है। दोनों के बीच सब-कुछ पहले जैसा ही है। ऐसे में कई बार उसने काजल के साथ लड़ाई-झगड़े किए और उसे अपने पति हार्दिक से दूरियां बनाने को कहा। हालांकि इसका नर्स पर कोई असर नहीं हुआ, उल्टा वो अब काजल पर भारी पड़ने लगी थी। इसी कारण काजल पटेल और नर्स के बीच तनाव और विवाद बढ़ने लग गया था। अपने पति की आशिकी में उसे खोने के डर से काजल ने नर्स की हत्या की साजिश शुरू कर दी। …. पति की सुपारी देने वाली प्रिंसिपल की ये खबर भी पढ़िए… महिला-प्रिंसिपल ने पति की गर्लफ्रेंड की हत्या की सुपारी दी:नर्स के साथ अफेयर से नाराज थी, CID अधिकारी बताने वाले शख्स ने लिया था जिम्मा झुंझुनूं पुलिस के हत्थे चढ़ी गुजरात की लेडी प्रिंसिपल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने अपने पति की प्रेमिका की हत्या की साजिश विदेश में रची थी। काजल पटेल को पता था कि पति का एक नर्स के साथ अफेयर है…(CLICK कर पढ़ें)


