समस्या बने शिविर:वन मंत्री ने फाइल पटकी… बोले-अफसरों ने शिविर बर्बाद किए… अब सीएम से बात करूंगा

भजनलाल सरकार के दो वर्ष पर चल रहे समस्या समाधान शिविर और राज्य सरकार के अन्य आयोजनों में अफसरों की अनुपस्थिति के कारण अफसर-मंत्री और विधायकों के बीच हर दिन विवाद-तकरार बढ़ रही है। जयपुर में सोमवार को सांसद मंजू शर्मा शहरी समस्या समाधान शिविर में अफसरों पर बिफरीं तो मंगलवार को सीकर में वन मंत्री संजय शर्मा व कलेक्टर मुकुल शर्मा के बीच तकरार हुई। इससे पहले 11 दिसंबर को ही बाड़मेर में प्रभारी सचिव सुबीर कुमार भी कलेक्टर, आयुक्त के मौके पर नहीं मिलने और जनता की शिकायत पर नाराज हुए। बाद में कलेक्टर टीना डाबी शिकायतकर्ता पर जमकर बरसीं। जबकि 15 नवंबर को पटेल जयंती पर आयोजित समारोह में कलेक्टर डॉ. मंजू सहित अन्य अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर विधायक जयदीप बिहाणी बरस पड़े। कलेक्टर पहुंचीं तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई। जयपुर : जनता के काम के लिए ही अफसर हैं, नहीं करेंगे तो हटेंगे : सांसद शहरी समस्या समाधान शिविर में लोगों की फाइलें नहीं मिल रही हैं। काम नहीं हो रहे। शिकायत सांसद मंजू शर्मा सोमवार को आमेर-हवामहल जोन शिविर में पहुंच गईं। लोगों ने बताया कि फाइलें नहीं मिल रही हैं। पट्टे जारी नहीं हो रहे। सांसद ने जोन अधिकारियों पर बरसीं। सांसद ने कहा- आप जनता के कामकाज करने के लिए नियुक्त हैं। काम नहीं करोगे तो पद पर रहने का मतलब ही क्या है? सीकर : कलेक्टर बोले-काम तो हो रहा है, मंत्री बिफरे वन, पर्यावरण एवं जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा मंगलवार नगर परिषद के सेवा शिविर में पहुंचे। यहां अधिकारी नहीं थे। नाराज मंत्री ने कलेक्टर मुकुल शर्मा को बुलवाया। कलेक्टर ने अधिकारियों का बचाव करते हुए कहा कि काम तो हो रहा है, तो मंत्री और ज्यादा नाराज हो गए। मंत्री ने हाथ से कागज टेबल पर फेंक दिए। कहा कि शिविरों की हालत बदतर हो चुकी है। मेरे प्रभार वाले जिले में पहले नीमकाथाना और अब जिला मुख्यालय पर भी शिविरों की स्थिति खराब है। अब मुख्यमंत्री से बात करूंगा और कैंप से निकल गए। जब कलेक्टर अधिकारियों के पक्ष में खड़े हुए तो मंत्री बोले- आप इन चोरों को प्रोटेक्ट मत करो। शिविर के दौरान एक महिला ने प्रभारी मंत्री से कहा कि वह सालभर से बहुमंजिला भवन से नुकसान की शिकायत लेकर घूम रही है, लेकिन अधिकारी कार्रवाई नहीं करते। बाड़मेर : प्रभारी सचिव से शिकायत करने वाले से कलेक्टर बोलीं-बड़ा शेर बन रहा था नगर परिषद के शहरी समस्या समाधान शिविर में जिले के प्रभारी सचिव सुबीर कुमार पहुंच गए। वहां कलेक्टर टीना डाबी भी नहीं थीं और अन्य जिम्मेदार अफसर भी नहीं थे। एक व्यक्ति ने प्रभारी सचिव को काम नहीं होने की शिकायत कर डाली। अधिकारी नहीं हैं इसलिए शिकायत लेकर आने वाले लौट रहे हैं। सुबीर कुमार ने कहा- कैंप रोज लग रहा है तो आयुक्त कहां हैं? प्रभारी सचिव के शिविर में पहुंचने की सूचना मिली तो कलेक्टर और एसडीएम तुरंत आए। लोगों ने उनके सामने भी शिकायत की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *