शहर के विकास के दावों के बीच झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो स्थानीय प्रशासन और जन प्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। चूरू रोड स्थित बीरबल बाजार के ठीक पीछे बसे इस वार्ड के लोग पिछले कई वर्षों से नरक जैसा जीवन जीने को मजबूर हैं। यहां की मुख्य सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। नगर परिषद ने नालियां ही नहीं बनाई है। इस कारण सालों से गंदा पानी जमा रहता है। इस सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि यहां जलभराव के लिए बारिश का इंतज़ार नहीं करना पड़ता। पूरे साल यहां घुटनों तक पानी भरा रहता है, जो बारिश के मौसम में और भी विकराल रूप धारण कर लेता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह पूरी गली एक गंदे नाले में तब्दील हो गई है। सड़क पर पानी का स्तर इतना अधिक है कि लोगों के लिए अपने घरों का मुख्य दरवाजा खोलना भी दूभर हो गया है। जैसे ही दरवाजा खुलता है, सड़क का गंदा और बदबूदार पानी सीधा घरों के अंदर प्रवेश कर जाता है। बुजुर्गों और बच्चों के लिए तो घर से बाहर निकलना किसी जोखिम से कम नहीं है। वार्ड नंबर 1 के निवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद आयुक्त से गुहार लगाई है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। यदि जल्द ही सड़क का निर्माण और पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वार्ड वासी उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।


