इंदौर में पार्षद ऑफिस के पास बोरे में मिला नवजात:रोने की आवाज सुनकर रुका राहगीर, पुलिस को दी सूचना

इंदौर के प्रजाप्रत नगर में बीजेपी पार्षद के कार्यालय के नजदीक एक नवजात बोरे में मिला है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। बताया जाता है कि बच्चे के रोने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने नवजात को एमवाय अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। वीडियो के अनुसार, घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के प्रजाप्रत नगर की है। सोमवार रात सांईबाबा स्कूल के समीप सकरी गली में कचरा डालने के स्थान पर किसी ने नवजात शिशु को बोरे में डालकर छोड़ दिया। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बच्चे की रोने की आवाज सुनी। जब उसने बोरे में झांक कर देखा, तो उसमें नवजात शिशु था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस की टीम 112 मौके पर पहुंची और बच्चे को कस्टडी में लेकर एमवाय अस्पताल भेजा। पुलिस को अभी तक यह जानकारी नहीं मिली है कि नवजात को किसने यहां फेंका। इस स्थान से कुछ ही दूरी पर इंदौर नगर निगम के यातायात प्रभारी और वार्ड 85 के पार्षद राकेश जैन का कार्यालय स्थित है। हालांकि, बच्चे की स्थिति अब ठीक बताई जा रही है। द्वारकापुरी पुलिस अभी इस मामले में आगे जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *