हरदा जिले में घटते लिंगानुपात को बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत ‘रेवा शक्ति’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस योजना के तहत एक या दो बेटियों वाले परिवारों को ‘हरदा डॉटर्स क्लब’ में शामिल किया जाएगा। इन परिवारों को ‘कीर्ति कार्ड’ दिया जाएगा, जिससे उन्हें कई सेवाओं में विशेष छूट मिलेगी। अब तक 1146 परिवारों का पंजीयन हो चुका है। जिले के 23 स्कूलों में फीस पर 10 प्रतिशत, 4 निजी कॉलेजों में 5 प्रतिशत,12 होटलों में भोजन पर 10 प्रतिशत, 7 निजी अस्पतालों में 10 प्रतिशत और 6 डिपार्टमेंटल स्टोर्स में 2-5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा, 5 निजी बस मालिकों ने 10-20 प्रतिशत तक की छूट देने की सहमति दी है। पचमढ़ी के कुछ होटलों में भी छूट मिलेगी हरदा के अलावा पचमढ़ी के 3 होटलों में 10-20 प्रतिशत की छूट, भोपाल के एक प्रतिष्ठित कॉलेज और स्कूल में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। साथ ही ‘फिजिक्स वाला’ कोचिंग संस्थान 30 बालिकाओं को निशुल्क कोचिंग प्रदान करेगा। इस योजना में अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी शामिल हुए हैं, जिनमें एक मसाला उद्योग में 25, दो पैथोलॉजी लैब में 5 और एक स्टेशनरी दुकान में 10 प्रतिशत की छूट शामिल है। यह पहल बेटियों के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होगी। डॉटर्स क्लब में ऐसे नाम जुड़वाएं- रेवा शक्ति अभियान के तहत गठित डॉटर्स क्लब में अपने नाम जुड़वाने के लिए जिले के सिर्फ एक या दो बेटियों वाले परिवारों के लोग मोबाइल फोन के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं। नाम जुड़वाने के लिए हरदा जिला मुख्यालय पर गजेन्द्र बरकरे के मोबाइल नंबर 9584222892 पर या अनिल जोशी के मोबाइल नंबर 8103513133, मसनगांव, मगरधा क्षेत्र के परिवार चेतन राजपूत के मोबाइल नंबर 9977854109 पर, हंडिया अबगांव कला क्षेत्र के परिवार मनीष सौदावत के मोबाइल नंबर 9131047653 पर, खिरकिया क्षेत्र के परिवार रजत नायरे के मोबाइल नंबर 6262129518 और टिमरनी क्षेत्र के परिवार प्रदीप बंसल के मोबाइल नंबर 9316848567 पर फोन करके अपने नाम डॉटर्स क्लब के सदस्यों में शामिल करा सकते हैं। कलेक्टर सिंह ने डिस्काउंट देने वाले सभी संस्थानों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज में डिस्काउंट की सुविधा अगले शिक्षा सत्र से दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायतों, तहसील कार्यालय में ‘‘कीर्ति कार्नर’’ स्थापित कए जाएंगे।


