सतना के वार्ड नंबर-5 मुख्त्यारगंज में स्मार्ट मीटर लगाने आई बिजली कंपनी की टीम का मंगलवार को विरोध हुआ। स्मार्ट मीटर लगाने आई बिजली कंपनी की टीम को बैरंग लौटा दिया। इस दौरान उपभोक्ताओं ने सड़क पर धरना भी दिया। वहीं, बिजली वितरण कंपनी ने कांग्रेस नेता समेत पांच लोगों के खिलाफ उपभोक्ताओं को भड़काने की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को शहर के वार्ड क्रमांक-5 मुख्त्यारगंज में मीटर बदलने पहुंचे कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया। वार्ड के दो दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार कर दिया और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। अधिकारियों की समझाइश के बावजूद उपभोक्ता राजी नहीं हुए। अंततः, जिन घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके थे, उन्हें भी हटाकर पुराने मीटर लगाए गए। कांग्रेस नेता समेत पांच लोगों पर आरोप इस मामले में बिजली वितरण कंपनी शहर संभाग के कार्यपालन यंत्री ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कांग्रेस नेता राजदीप सिंह मोनू, मयंक वर्मा और अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ उपभोक्ताओं को भ्रामक जानकारी देकर भड़काने का आरोप लगाया गया है। कंपनी ने इन पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
स्मार्ट मीटर लगाने का काम प्रभावित कंपनी के अनुसार पिछले हफ्ते से शहर के कई इलाकों में मीटर लगाने के दौरान विरोध हो रहा है। इस बार भी 7 मीटर लगाए गए थे, जिन्हें विरोध करने वालों ने जबरदस्ती हटा दिया। इस वजह से कर्मचारियों में डर फैल गया और मीटर लगाने का काम रुक गया।


