लोहावट पुलिस ने अवैध हथियार बरामदगी प्रकरण में एक अंतरराज्यीय हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी देवीसिंह पुत्र किशोर बिलाला निवासी पानवा, पुलिस थाना गंधवानी, जिला धार, मध्य प्रदेश का रहने वाला है, जिसे मध्य प्रदेश से पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि ये कार्रवाई 14 और 15 दिसंबर को जिला विशेष टीम (डीएसटी) फलोदी और लोहावट पुलिस थाना द्वारा की गई थी। उस दौरान अवैध हथियार तस्करों मनफूल, हुकमाराम, सुरेश और सुरेंद्र को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 6 मैग्जीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। साथ ही, एक एक्सयूवी वाहन भी जब्त किया गया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। एसपी कंवरिया के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच और नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसआई देवाराम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की, जिसके बाद हथियार सप्लायर देवीसिंह की पहचान हुई। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश से देवीसिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे आगे की जांच जारी है।


