बांग्लादेश में हिंदू की हत्या पर प्रदर्शन:सनातन सेवा न्यास ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, सुरक्षा की मांग

चूरू के राजलदेसर में सनातन सेवा न्यास राजस्थान की स्थानीय इकाई ने बांग्लादेश में हिंदुओं की लक्षित हत्याओं और दीपूचंद्र दास की नृशंस हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। इकाई के प्रतिनिधियों ने इन हत्याओं के खिलाफ तत्काल निर्णायक हस्तक्षेप की मांग करते हुए प्रधानमंत्री के नाम तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि बांग्लादेश में कट्टरपंथी हिंसा एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। वहां हिंदू धार्मिक स्थलों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे हिंदुओं की आस्था और अस्तित्व को मिटाने का प्रयास किया जा रहा है। दीपूचंद्र दास की हत्या ने अमानवीयता की सभी सीमाएं तोड़ दीं, क्योंकि उन्हें पुलिस हिरासत से जबरन निकालकर कट्टरपंथी भीड़ द्वारा मार दिया गया। बांग्लादेश में हिंदू न तो अपने घरों में सुरक्षित हैं और न ही कानून के संरक्षण में, जिससे पूरा हिंदू समाज भयभीत है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि भारत सरकार बांग्लादेश सरकार पर कठोर दबाव बनाए ताकि वहां हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दोषियों को कड़ी सजा मिले। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष खेमराज पारीक, नगर अध्यक्ष किशोरीलाल प्रजापत, पूर्व चेयरमैन गोपाल मारु, पार्षद धनपत शर्मा, पार्षद कुलदीप स्वामी, मुकेश मारू, इन्द्रचन्द देवड़ा, प्रकाश भार्गव, राजेश भार्गव, पार्षद कपिल पारीक, रामलाल खटीक, नानूराम ढोली, हनुमान स्वामी, राजेश गर्ग और धर्मेंद्र सिंह राजवी सहित कई सदस्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *