मैहर में SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची जारी:कलेक्टर ने शुद्धिकरण में सहयोग की अपील की; 21 फरवरी को आएगी अंतिम सूची

मैहर जिले में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम (SIR) के अनुसार यह प्रक्रिया पूरी की गई है। इस संबंध में कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी रानी बाटड की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, दावा-आपत्ति, सुनवाई, निराकरण और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। मतदाता सूची शुद्धिकरण में सहयोग करें राजनीतिक दल जिला निर्वाचन अधिकारी रानी बाटड ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के सफल क्रियान्वयन में सहयोग कर मतदाता सूची को शुद्ध करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी, सीडी और मतदान केंद्रों की सूची उपलब्ध कराई गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजना जैन ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 65 मैहर और 66 अमरपाटन के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। इसके साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत (ASD) मतदाताओं की सूची भी प्रकाशित की गई है। गहन पुनरीक्षण में 8 हजार से अधिक मृत मतदाता चिन्हित गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले में कुल 8,110 मृत, 17,758 स्थानांतरित, 1,235 दोहरी प्रविष्टियां और 2,788 अनुपस्थित मतदाता चिह्नित किए गए हैं। दावा-आपत्तियां 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया 14 फरवरी 2026 तक पूरी की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को होगा। इस बैठक में अपर कलेक्टर और उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजना जैन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *