जालोर जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जिलेभर में इन दिनों उत्तरी-पूर्वी हवाओं का प्रभाव देखने को मिल रहा है, जिसके चलते इस सीजन में पहली बार दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री गिरकर 27.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि रात के तापमान में 4.5 डिग्री की बढ़ोतरी होने से मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह मध्यम स्तर का कोहरा, दिनभर में धूप से परेशानी मंगलवार की सुबह शहर सहित जिलेभर में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। जिससे आमजन को सुबह के समय परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिन चढ़ने के साथ धूप खिली निकली, जिससे दिन में आमजन को गर्मी का एहसास होने लगा। हवाओं की दिशा बदलने से गिरा दिन का पारा सोमवार को दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रात का तापमान बढ़कर 15.5 डिग्री सेल्सियस हो गया था, जिससे ठंड में कुछ नरमी आई थी। हालांकि मंगलवार सुबह से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी-पूर्वी हो गई, जिसके चलते दिन के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री पर आ गया। इससे पहले सोमवार को दिन का तापमान 30.6 डिग्री और रात का तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। फसलों को लेकर किसानों में चिंता सुबह के समय पड़े मध्यम स्तर के कोहरे से जिले के किसानों की चिंता बढ़ गई है। जीरा, सरसों,अनार, मिर्ची और चने की फसलों पर कोहरे और नमी का असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि कोहरे की स्थिति बनी रहती है तो फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ सकता है। आगे कैसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी जिले में हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे की संभावना बनी हुई है। इसके बाद आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को जालोर में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


