खरगोन में बुधवार को हल्के बादल छाए रहे, जिससे रात के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह का तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जिले में दिन के समय शीतलहर का असर जारी है। बादलों के कारण गेहूं और चना जैसी रबी की फसलों में बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। किसान रमनभाई पटेल ने बताया कि बादल छाने से गेहूं और चना की फसलों में बीमारी बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते किसान जैविक और रासायनिक तरीकों का उपयोग कर रहे हैं। बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी हिस्सों में कम बर्फबारी हुई है और हवा की दिशा में बदलाव के कारण बादल छा रहे हैं। हालांकि, बारिश की कोई संभावना नहीं है। सर्द हवाओं के कारण दिन में भी शीतलहर का प्रभाव महसूस किया जा रहा है, जिससे सुबह-शाम अलाव जलाने पड़ रहे हैं। दिसंबर में जिले का तापमान दो बार 8.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। बादलों के कारण 48 घंटे बाद मंगलवार को तापमान 1.8 डिग्री बढ़कर 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बादल छटने के बाद दिन और रात के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक का उतार-चढ़ाव आ सकता है।


