डीग-नगर सड़क मार्ग पर एक बाइक और टेंपो की टक्कर हो गई। मंगलवार देर शाम हुए इस हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग और टेम्पो में सवार एक युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, नदबई थाने के गांव लुहासा निवासी दौलत (60) पुत्र प्यारे मंगलवार शाम करीब 7 बजे अपनी बेटी के गांव रसिया जा रहे थे। पान्होरी टोल के पास उनकी बाइक एक टेम्पो से टकरा गई।
इस दुर्घटना में बाइक सवार दौलत और टेम्पो में सवार भूरा (30) पुत्र बाबू, निवासी कोंथरा, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल दौलत को आगे के इलाज के लिए आरबीएम हॉस्पिटल भरतपुर रेफर कर दिया गया है।


