छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के मुद्दे पर एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है। कांकेर जिले के अमाबेड़ा में हुई हिंसक झड़पों और कथित प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में सर्व हिंदू समाज ने 24 दिसंबर को पूरे प्रदेश में बंद का आह्वान किया। इस बंद का असर गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में भी देखने को मिला। बता दें कि यह बंद कांकेर जिले के अमाबेड़ा में हाल ही में ईसाई मिशनरियों और भीम आर्मी के बीच हुई झड़पों के विरोध में बुलाया गया था। सर्व हिंदू समाज ने इन घटनाओं को सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बताया है। हिंदू संगठनों ने निकाला पैदल मार्च गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में हिंदू संगठनों ने पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने बाजार क्षेत्र की दुकानों को बंद कराया और धर्मांतरण के विरोध में जमकर नारेबाजी की। सर्व हिंदू समाज का कहना है कि धर्मांतरण के जरिए समाज में नफरत फैलाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि धर्मांतरण से जुड़ी घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में शांति और एकता बनी रहे। फिलहाल पेंड्रा में बंद शांतिपूर्ण रहा। हालांकि, पूरे प्रदेश की निगाहें अब सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


