मध्यप्रदेश में इटारसी आयुध निर्माणी फैक्ट्री के बाद अब जबलपुर स्थित आयुध निर्माणी खमरिया को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर पुलिस सहित आर्मी और डिफेंस की इंटेलिजेंस एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। आयुध निर्माणी खमरिया के आधिकारिक ईमेल पर 22 दिसंबर को एक धमकी भरा मेल आया था, जिसमें 23 दिसंबर को फैक्ट्री में विस्फोट (ब्लास्ट) किए जाने की बात कही गई थी। ईमेल मिलते ही फैक्ट्री के सुरक्षा विभाग को सतर्क कर दिया गया और पूरे परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई। जबलपुर पुलिस ने मोर्चा संभाला सूचना पर जबलपुर पुलिस ने भी तत्काल मोर्चा संभालते हुए फैक्ट्री और आसपास के इलाकों में सघन सर्चिंग शुरू की। एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि धमकी भरे ईमेल को गंभीरता से लिया गया है और बुधवार सुबह तक फैक्ट्री परिसर में गहन जांच की गई। साथ ही ईमेल के सोर्स की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेल कहां से और किसने भेजा है। बम स्क्वॉड दिनभर डेरा डाले रहा इधर फैक्ट्री के सुरक्षा विभाग ने विशेष रूप से फिलिंग सेक्शन, जहां गोला-बारूद तैयार किया जाता है, वहां भी सघन तलाशी अभियान चलाया। मंगलवार से बुधवार सुबह तक डॉग स्क्वॉड की मदद से फैक्ट्री परिसर की जांच की गई, जबकि बम स्क्वॉड ने भी पूरे दिन फैक्ट्री में डेरा डाले रखा। तलाशी में नहीं मिली संदिग्ध वस्तु बताया जा रहा है कि तमिलनाडु से भेजे गए इस धमकी भरे ईमेल में इटारसी और जबलपुर दोनों आयुध निर्माणी को उड़ाने की बात कही गई थी। हालांकि, अब तक की तलाशी में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि यह एक मॉकड्रिल हो सकती है। बावजूद इसके, सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। ये खबर भी पढ़िए… इटारसी आयुध निर्माणी को मिला धमकी भरा ईमेल इटारसी स्थित आयुध निर्माणी फैक्ट्री को देर रात एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पुलिस और सुरक्षा बल तत्काल मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पढ़ें पूरी खबर…


