मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल 75 साल के बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। दरअसल, शनिवार दोपहर को कटरा-मऊगंज मुख्य मार्ग पर लालगंज तिराहे के मोड़ पर एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। उन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। कल मंगलवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बाइक की टक्कर से हुए थे घायल जानकारी के अनुसार, लालगंज निवासी 75 वर्षीय लइक खान अपनी लूना बाइक से लालगंज की ओर जा रहे थे। कटरा-मऊगंज मुख्य मार्ग पर लालगंज तिराहे के मोड़ पर मऊगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर मऊगंज निवासी राज भुजबा (22) और अयान खान (19) सवार थे। सिर पर आई थी गंभीर चोटें प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार बाइक का मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया था, जिससे आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें उछलकर सड़क किनारे जा गिरीं। हादसे में लइक खान के सिर में गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नई गढ़ी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किया गया था। मंगलवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीएम के लिए भेजा गया शव नईगढ़ी पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रधान आरक्षक रामकुमार भास्कर ने पुष्टि की कि दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हुई है। पुलिस द्वारा पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।


