सागर जिले के रहली में ऐतिहासिक विरासत को सहेजने और संवारने के लिए तीन दिवसीय ‘रहली महोत्सव’ का आगाज 25 दिसंबर से होने जा रहा है। सुनार नदी के घाट पर बने अटल सेतु पर यह भव्य आयोजन होगा। इसके लिए पूरा सेतु रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर शुरू हो रहे इस महोत्सव में अगले तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर पालिका ने आयोजन को भव्य बनाने के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। अटल सेतु और आसपास के इलाके को दुल्हन की तरह सजाया गया है। 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराएगा, 8 करोड़ के काम शुरू होंगे महोत्सव के पहले दिन यानी 25 दिसंबर को अटल सेतु के पास नवनिर्मित अटल पार्क का लोकार्पण किया जाएगा। खास आकर्षण पार्क में स्थापित अटल जी की 12 फीट ऊंची प्रतिमा होगी, जिसका अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही पार्क में 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा स्थापित होगा। इस मौके पर शहर के विकास को भी रफ्तार मिलेगी। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत करीब 7 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से शहर में नलों के इंटरसेक्शन, डायवर्सन और एसटीपी (STP) कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। ब्रिज पर दिखेगा समुद्र मंथन, दीया घोष बिखेरेंगी सुर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 25 दिसंबर की शाम को ‘समुद्र मंथन’ नाटक के सजीव चित्रण से होगी। इसके बाद मुंबई से आए डांस ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे। दूसरे दिन 26 दिसंबर को प्लेबैक सिंगर दीया घोष के गीतों पर शहर झूमेगा। वहीं, महोत्सव के आखिरी दिन 27 दिसंबर को बुंदेलखंड के स्थानीय हास्य कलाकार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स लोगों को गुदगुदाएंगे। भाजपा नेता बोले- यह रहली की पहचान भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने कहा कि रहली महोत्सव अब नगर की पहचान बन चुका है। अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर यह आयोजन किया जा रहा है। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने बताया कि तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


