करौली में करौली प्रीमियर लीग (KPL) सीजन-3 क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। सात साल के अंतराल के बाद यह प्रतियोगिता राजीव गांधी खेल संकुल में शुरू हुई है। केपीएल सीजन-3 में कुल पांच टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा और करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल उपस्थित रहे। इस दौरान देश और प्रदेश के कई नामी खिलाड़ी भी मौजूद थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला हिंडौन हरिकेन्स और राज रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। उद्घाटन मैच से पहले करौली एसपी लोकेश सोनवाल ने गेंद फेंकी, जबकि सपोटरा विधायक हंसराज मीणा और करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने बल्लेबाजी कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। आयोजकों ने बताया कि इस लीग से कई खिलाड़ी, अंपायर और स्कोरर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता में रणजी स्तर के खिलाड़ियों के साथ-साथ देश और राज्य की विभिन्न लीगों में खेलने वाले 20 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबला 30 दिसंबर को और फाइनल मुकाबला 31 दिसंबर को खेला जाएगा।


