बोकारो के बेरमो में लाखों की चोरी:सीसीएल कर्मी के क्वार्टर से नगद, जेवरात समेत 6 लाख की संपत्ति गायब

बोकारो जिले के बेरमो स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र की सीसीएल कॉलोनी में बड़ी चोरी हुई है। तीन नंबर पहाड़ी धौड़ा स्थित सिंह पट्टी में चोरों ने एक सीसीएल कर्मी के क्वार्टर को निशाना बनाया। इस वारदात में नगद और कीमती जेवरात समेत करीब 5 से 6 लाख रुपए की संपत्ति चोरी हो गई, जिससे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, अमलो कांटा घर में कार्यरत सीसीएल कर्मी जुगनू कुमार 19 तारीख से बाहर गए हुए थे। उनके क्वार्टर की देखरेख उनके भाई सौरभ सिंह कर रहे थे। क्वार्टर का ताला टूटा हुआ था सौरभ सिंह ने बताया कि वह रात करीब 2 बजे तक क्वार्टर में मौजूद थे। बेटे की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने घर चले गए। सुबह जब वह लौटे तो देखा कि क्वार्टर का ताला टूटा हुआ था, अलमारी क्षतिग्रस्त थी और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरों ने घर से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुराए हैं। चोरी हुई संपत्ति की कुल कीमत 5 से 6 लाख रुपए आंकी जा रही है। यह घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई प्रतीत होती है। चोरी की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से विस्तृत जानकारी ली। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद कॉलोनी में भय और आक्रोश का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *