खेलकूद : चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में 9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉकआउट प्रतियोगिता हुई

भास्कर न्यूज |चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही 9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत सोमवार को खेले गए प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एसआर रुंगटा ग्रुप चाईबासा ने फेनेटिक क्लब चाईबासा को एकतरफा मुकाबले में नौ विकेट से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में एसआर रुंगटा ग्रुप का मुकाबला शाह स्पोर्ट्स अकादमी चक्रधरपुर और आरके अकादमी सोनुआ की विजेता से 24 जनवरी को होगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस एसआर रुंगटा ग्रुप के कप्तान अभिषेक कच्छप ने जीता और विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ, जब फेनेटिक क्लब की टीम 21.2 ओवर में मात्र 90 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। फेनेटिक क्लब की ओर से कृष्णा देवगम (कैंडी) ने तीन चौके व एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि अनमोल टोपनो ने 11, पिछले मैच में शानदार बल्लेबाजी करने वाले सावन गोप इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए और मात्र 11 रन बनाकर चलते बने। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। एसआर रुंगटा ग्रुप की ओर से तेज गेंदबाज अभिषेक महतो ने मात्र 14 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अमित कुमार सिंह व प्रेम कुमार को दो-दो सफलता हाथ लगी, जबकि श्याम शर्मा, आदित्य राज व विजय रोहित को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआर रुंगटा ग्रुप की टीम ने 16.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। रुंगटा ग्रुप की ओर से पारी की शुरुआत करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल महतो ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठ चौके व दो छक्के की मदद से 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली और अंत तक आउट नहीं हुए। सबसे मजेदार बात ये कि उसने 17वां ओवर फेकने आए सूरज कुमार मिश्रा की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज दीपांशु राज ने भी दो चौके की सहायता से 23 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 74 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। एसआर रुंगटा ग्रुप की ओर से आउट होने वाला एकमात्र बल्लेबाज दिपांशु राज था, जिसे कृष्णा देवगम (कैंडी) ने पगबाधा आउट करवाया। मंगलवार और बुधवार को मकर संक्रांति व टुसू पर्व के अवसर पर अवकाश रखा गया है। इस प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल मैच 16 जनवरी को चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी व मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *