अशोकनगर के कोलूआ रोड पर शनिवार को दोपहर के समय एक बाइक सवार दंपती को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गया। हादसे के बाद दंपती के परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जिसे लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने हटाया। जानकारी के मुताबिक कोलूआ रोड निवासी अवधेश राय पत्नी रामस्वरूपी बाई के साथ अपने गांव जनोदा से लौटकर अशोकनगर वापस आ रहे थे। तभी घर से महज 500 मीटर की दूरी पर बाइक पीछे से डंपर की चपेट में आ गई। डंपर महिला के सिर और छाती को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। जबकि उसका पति सड़क के किनारे जा गिरा, जिसके कारण उसकी जान बच गई। परिजनों ने चक्काजाम किया हादसे की जानकारी मिलते ही दंपती के परिजन भारी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। गुस्साए परिजनों ने डंपर के कांच तोड़ दिए। साथ ही डंपर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। इस दौरान गाड़ियों की लंबी कतार सड़क पर लग गई। देहात थाना की ओर से आने वाले वाहनों को बैरिकेड लगाकर कुछ दूर पर रोकना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर गुस्साए परिजनों को रास्ते से हटाया। बाद ट्रैफिक जाम धीरे-धीरे क्लियर किया गया।


