भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों की अनदेखी को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर रोहित व्यास ने स्पष्ट किया कि जिले में यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी, चार पहिया वाहनों में सीटबेल्ट न लगाने वालों के खिलाफ चालान काटा जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए स्वयं इन नियमों का पालन करें। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले में चिन्हित 10 ब्लैक स्पॉट यानी दुर्घटना प्रवण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर रात की पाली में भी पुलिस बल द्वारा सघन निरीक्षण किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। एसएसपी ने जोर देकर कहा कि “लोगों की जान बचाना और उन्हें सुरक्षित रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। स्कूलों के पास नशाखोरी करने पर कटेगा चालान बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित नैतिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ जैसे शराब, सिगरेट और गुटखा की बिक्री नहीं होनी चाहिए। यदि कोई इस दायरे में नशा बेचते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से पुलिस विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि कानूनी प्रक्रियाओं में देरी न हो। बैठक में जिले के सभी एसडीएम, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उन्हें जमीनी स्तर पर इन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई।


