भास्कर न्यूज | चाईबासा जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के संयुक्त अध्यक्षता में आगामी 26 जनवरी 25 के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों के निमित्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान-चाईबासा सहित जिले भर के सरकारी कार्यालयों,प्रतिष्ठा नों में हर्षोल्लास के साथ समारोह मनाने के संबंध में विभिन्न बिंदुओं का समीक्षा की गई। ध्वजारोहण का समय निर्धारित : मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन ग्राउंड में पूर्वाह्न 9:05 बजे, आयुक्त कार्यालय सहित जिला परिषद का कार्यालय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी का कार्यालय में पूर्वाह्न 10:20 बजे, जिला समाहरणालय प्रांगण में पूर्वाह्न 10:50 बजे तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी का कार्यालय में पूर्वाह्न 11:45 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। लिए गए यह निर्णय : गणतंत्र दिवस के पूर्व 24 जनवरी 25 को जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 7 तक के बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता तथा कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच गणतंत्र दिवस आधारित वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसके पश्चात विद्यालय स्तर पर ही विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। 25 जनवरी 25 को जिला मुख्यालय शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 25 को मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन होगा। दिए गए यह निर्देश : बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं आधारित झांकियों के निर्माण हेतु संलग्न विभाग को निर्देश दिया गया है। समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों यथा परेड संचालन, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था के अलावा जिले भर में अवस्थित महापुरुषों की प्रतिमा की साफ-सफाई, शहर के विभिन्न स्थानों पर तोरण द्वार निर्माण आदि के संदर्भ में भी निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, परियोजना निदेशक-आईटीडीए जयदीप तिग्गा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, अपर पुलिस अधीक्षक(अभियान) पारस राणा, सहायक समाहर्ता अर्नव मिश्रा, सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय, अनुमंडल पदाधिकारी- सदर व जगन्नाथपुर, नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य उपस्थित रहे।


