नदी के डूब क्षेत्र में भवन निर्माण को एसडीओ ने रुकवाया

भास्कर न्यूज | गढ़वा सोमवार को कल्याणपुर पुल के पास नदी किनारे हो रहे एक संदिग्ध निर्माण कार्य पर नजर पड़ने पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने निर्माण काम पर रोक लगा दी। उन्होंने मौके पर अंचल अधिकारी व उनकी टीम को बुलाकर भूमि की प्रकृति के बारे में जानकारी ली साथ ही विस्तृत जांच कर दो दिनों के अंदर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया। दरअसल सोमवार को एसडीओ संजय कुमार समाहरणालय में आहूत एक बैठक में भाग लेने जा रहे थे, तभी उनकी नजर पुल के दाएं तरफ नदी से सटी हुई सार्वजनिक भूमि पर नदी के डूब क्षेत्र में तेजी से हो रहे एक निर्माण कार्य पर पड़ी। बैठक से लौटते समय वे सीधे निर्माण कार्य के पास पहुंचे और निर्माण काम में लगे कर्मियों से जानकारी ली। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगते ही उन्होंने तुरंत काम रुकवा दिया तथा गढ़वा अंचल अधिकारी को कॉल कर अंचल की टीम को मौके पर बुलवाया और निर्देश दिया कि वे दो दिनों के अंदर इस मामले की सम्यक जांच करते हुए आश्वस्त हो लें कि यह निर्माण नदी पर अतिक्रमण कर किया जा रहा है या स्वयं की भूमि पर। अतिक्रमण प्रमाणित होने पर अविलंब निर्माण कार्य को नियमानुसार ध्वस्त कर दें। एसडीओ ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचल अधिकारियों और नगर निकायों को निर्देश दिया कि नदी, तालाब आदि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के मामलों में अतिक्रमण के शुरुआती चरण में ही संरचनाओं को ध्वस्त कर दें। अन्यथा बाद में ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया अपेक्षाकृत जटिल हो जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *