राजसमंद में काबरी से कुरज चौराहे तक की सड़क गारंटी पीरियड में ही उखड़ने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क का डामरीकरण गारंटी पीरियड में ही जगह-जगह से उखड़ने से सड़क की खराब स्थिति होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों रोष है। बागपुरा गांव निवासी बालचंद्र शर्मा के अनुसार काबरी से बागपुरा होते हुए नाथूवास के रास्ते कुरज चौराहे तक जाने वाली यह सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। अभी भी गारंटी अवधि में सड़क पर कंकरी फैलने और जगह-जगह गड्ढे हो जाने से दुपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करीब ढाई साल पहले ही बनाई गई थी और अभी भी गारंटी अवधि में है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति दयनीय हो जाना निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। बोले- ये समस्या गंभीर यह मार्ग क्षेत्र का व्यस्ततम संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों दुपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही होती है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।


