गुना में 84 लाख की चोरी का खुलासा:GAIL टाउनशिप के 8 घरों के ताले तोड़ने वाला चोर धार से गिरफ्तार; टपरा बनाकर छिपा था गैंग

गुना जिले की विजयपुर पुलिस ने जिले की अब तक की सबसे बड़ी चोरियों में से एक का खुलासा किया है। पुलिस ने गेल (GAIL) टाउनशिप के अति-सुरक्षित परिसर में धावा बोलकर 8 घरों के ताले तोड़ने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब आधा किलो (463 ग्राम) सोना और नगदी बरामद की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत 84 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। पकड़ा गया आरोपी धार जिले का रहने वाला है। यह गिरोह इतना शातिर है कि वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए जंगलों में अस्थाई टपरे (झोपड़ी) बनाकर रह रहा था। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने और 5 जिलों की खाक छानने के बाद यह सफलता हासिल की है। एक ही रात में 8 घरों को बनाया था निशाना घटना 30-31 अगस्त 2025 की दरमियानी रात की है। विजयपुर स्थित गेल टाउनशिप के फेस-02 कॉलोनी में चोरों ने धावा बोला था। फरियादी संतोष सिंह कुशवाह और अन्य रहवासियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चोरों ने लाइन से 8 सूने मकानों के ताले तोड़कर जेवर और नकदी पार कर दी है। गेल जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे, जिसके बाद एसपी अंकित सोनी ने इसे चुनौती के रूप में लिया था। CCTV ने खोले राज, 5 जिलों में दौड़ी पुलिस वारदात के बाद एसपी ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। टीम ने जांच के दौरान वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। पुलिस ने राघौगढ़, पगारा और पावरियापुरा टोल के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए, जिनका पीछा करते हुए पुलिस टीमें सागर, इंदौर, धार और झाबुआ तक पहुंचीं। स्थानीय मुखबिरों और टोल के कैमरों से पुष्टि हुई कि तार धार जिले के टांडा क्षेत्र से जुड़े हैं। जंगल में टपरे बनाकर रहते थे, दबिश देकर पकड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्ध आरोपी धार जिले के बीहड़ जंगलों में अस्थाई टपरे बनाकर रह रहे हैं, ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके। भौगोलिक परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद पुलिस टीम ने दबिश दी और संदेही पप्पू भावर (26) निवासी ग्राम खनिअम्बा, थाना टांडा (धार) को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर पप्पू टूट गया और उसने अपने साथियों भारत, संजय, मुन्ना उर्फ माइकल, करन और महेश के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया। जमीन खोदकर निकाला खजाना, 463 ग्राम सोना मिला आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया माल बरामद किया, जिसकी लिस्ट काफी लंबी है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 लाख 40 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा 463.3 ग्राम सोने के जेवर जब्त किए गए हैं। बरामद जेवरों में 1 टाइटन घड़ी, सोने की 2 चूड़ियां, 11 ग्राम का मंगलसूत्र पेंडल, 3 सेट झुमकी, 4 ग्राम की अंगूठी, 37 ग्राम का भारी हार, 25 ग्राम की एक और जोड़ी चूड़ी, 15 ग्राम का द्वार, 14 ग्राम की चेन, 26 ग्राम का एंटीक द्वार, 31 ग्राम का कड़ा, 38 ग्राम की 4 जोड़ी चूड़ियां और दर्जनों अंगूठियां व टोप्स शामिल हैं। कुल बरामद मशरूका की कीमत 84 लाख 3 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस अब गिरोह के फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *