गुमला के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत किन्दीरकेला में एक सड़क हादसे में 3 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-सिमडेगा मुख्य मार्ग को किन्दीरकेला के पास लगभग तीन घंटे तक जाम रखा। जानकारी के अनुसार, किन्दीरकेला निवासी नदीम खान अपने 3 वर्षीय बेटे सुफियान खान के साथ घर से दूध लेने सड़क के दूसरी ओर गए थे। वे सड़क के किनारे खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ युवाओं ने बाइक से ट्रेलर का पीछा किया ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रेलर सड़क के विपरीत दिशा में जाकर बच्चे को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। इसके बाद गांव के कुछ युवाओं ने बाइक से ट्रेलर का पीछा किया और उसे कोनबीर खुदी चौक के पास पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रेलर वाहन में मामूली तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने पर बसिया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ड्राइवर को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गए। इसके बाद ग्रामीणों ने किन्दीरकेला में रांची-सिमडेगा मुख्य पथ को जाम कर दिया। इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं: ग्रामीण ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर कुछ वर्ष पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई है। एक साल पहले प्रशासन ने सड़क सुरक्षा के लिए ब्रेकर और बोर्ड लगाने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। यह एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है। घटना की सूचना पर बसिया सर्किल इंस्पेक्टर, बीडीओ सुप्रिया भगत और बसिया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा कर शांत किया। प्रशासन के काफी समझाने के बाद ग्रामीण सड़क से हटे और यातायात सुचारु रूप से शुरू हो सका।


