दो महीने का बकाया वेतन मांगने के लिए कंपनी गेट के बाहर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर कंपनी मैनेजर ने लाठी चला दी। हमले में कुछ मजदूरों को चोट भी आई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। मामले में पुलिस ने कंपनी के 3 मैनेजर को गिरफ्तार किया है। मामला खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र का है। सनमाइका बनाने वाली कंपनी सैफ डेकोर प्रोइवेट लिमिटेड कंपनी के सामने बुधवार सुबह करीब 10 बजे ये घटनाक्रम हुआ। नवंबर-दिसंबर की सैलरी नहीं दी-मजदूर मजदूर निहाल सिंह ने बताया- कंपनी ने नवंबर और दिसंबर की सैलरी नहीं दी है। करीब 50 लोगों की सैलरी अभी तक नहीं आई है। ठेकेदार के तहत काम करने वाले मजदूरों ने बुधवार सुबह कंपनी गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू किया था। इसी दौरान प्रोडक्शन मैनेजर सुनील कुमार पुत्र विजेंद्र सिंह जाट अन्य कर्मचारियों के साथ लाठी लेकर बाहर आया और मजदूरों पर हमला कर दिया। मैनेजर ने गाली-गलौज की, हाथापाई शुरू की और यहां तक धमकी दी कि गाड़ी चढ़ा देंगे। मैनेजर के हमले में मेरे हाथ में चोट आई है। कंपनी द्वारा दी गई दो तारीख निकलने पर प्रदर्शन किया मजदूर मन्नू चौहान ने बताया- मैनेजमेंट सैलरी को लेकर रोज झूठे वादे करके उन्हें टाल रही थी। कंपनी के द्वारा दी गई दो तारीख भी निकल चुकी थी। मंगलवार को दोपहर 2 बजे के लंच में यूनियन बनाया था। यूनियन ने कंपनी को कहा कि जब तक हमारा वेतन नहीं मिलेगा, तब तक हम काम शुरू नहीं करेंगे। आज मैनेजर ने कंपनी का गेट बंद कर दिया। सभी मजदूर सुबह 8 बजे से कंपनी के गेट के बाहर खड़े थे। मैनेजर वहां आए तो हमने उनसे पेमेंट करने की बात कहीं। इसी दौरान मैनेजर ने मजदूरों पर गाड़ी चढ़ाने की बात कहीं, जिसके बाद मजदूरों और मैनेजर में कहासुनी हो गई। घटना के बाद मैनेजर अंदर गया और कुछ लोगों के साथ लाठी लेकर बाहर आया और हमला कर दिया। कंपनी के 3 मैनेजर गिरफ्तार घटना का वीडियो सामने आने के बाद यूआईटी थाना पुलिस ने प्रोडक्शन मैनेजर सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मेंटेनेंस मैनेजर प्रिंस लश्करी पुत्र विजेंद्र बैरागी और आईटी मैनेजर गोविंद तिवारी पुत्र राजन तिवारी को भी पकड़ा है। दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत मजदूरों की ओर से ठेकेदार के सुपरवाइजर आकाश ने कंपनी मैनेजमेंट के खिलाफ दो महीने की सैलरी नहीं देने और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। कंपनी के एचआर मैनेजर विकास बगसरा ने कुछ मजदूरों पर धरना-प्रदर्शन और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। यूआईटी थाना अधिकारी दारा सिंह ने बताया- दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपी मैनेजरों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले की जांच चल रही है।


