छत्तीसगढ़ महाबंद के बीच कांकेर में महिला का घर तोड़ा:मसीही महिला का मूल धर्म में लौटने से इनकार, क्रिसमस से पहले हिंदू-संगठन का हंगामा

छत्तीसगढ़ महाबंद के बीच कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक स्थित उसेली गांव में क्रिसमस से एक दिन पहले एक महिला का घर तोड़ दिया गया। 24 दिसंबर की सुबह राम बाई तारम् के घर पर भीड़ जमा हुई और तोड़फोड़ शुरू कर दी। महिला की गुहार के बावजूद भीड़ ने पूरे घर को तहस-नहस कर दिया। राम बाई ने मीडिया को बताया कि बीमारी के कारण उन्होंने मसीही धर्म अपना लिया है। ग्रामीणों ने उन्हें मूल धर्म में लौटने को कहा, लेकिन अपनी आस्था के कारण वह ऐसा नहीं करना चाहती। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति घर पर नहीं थे और उन्होंने उन्हें घर आने से मना कर दिया था, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि तोड़फोड़ के दौरान पति के घर पर होने से कोई अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद प्रशासन में फेरबदल इस घटना से ठीक एक दिन पहले, 23 दिसंबर को कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने प्रशासनिक फेरबदल किया था। इसके तहत अंजोर सिंह पैकरा, अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंतागढ़ को जिला कार्यालय कांकेर में पदस्थ किया गया। उनके स्थान पर राहुल रजक, डिप्टी कलेक्टर को अंतागढ़ का प्रभार दिया गया। साथ ही, सुधीर कुमार खलखो, तहसीलदार आमाबेड़ा को नजूल पट्टों की जांच और नवीनीकरण कार्य के लिए स्थानांतरित किया गया। उनकी जगह कुणाल सरवैया तहसीलदार आमाबेड़ा के सभी प्रभार संभालेंगे। जिला मुख्यालय में महाबंद और प्रदर्शन जिला मुख्यालय कांकेर में महाबंद का असर रहा। सुबह से ही सर्व समाज के लोग शहर में रैली निकालकर धर्मांतरण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। नया बस स्टैंड स्थित डोम में विशाल सभा का आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने अपने विरोध और आवाज बुलंद की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *