भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (पीएसईबी) की ओर से बोर्ड और नॉन-बोर्ड क्लास के लिए प्री बोर्ड के एग्जाम 18 जनवरी से परीक्षाएं शुरू होंगे। पांचवीं क्लास तक की परीक्षाएं 24 जनवरी से लेकर 30 जनवरी तक होंगी। छठी से आठवीं क्लास के लिए प्री-बोर्ड टर्म 2 एग्जाम 20 से 30 जनवरी तक लिए जाएंगे। वहीं नौंवी से बारहवीं क्लास के लिए टर्म परीक्षाएं 18 से 30 जनवरी तक ली जाएंगी। विभाग की ओर से इसके लिए जारी किए दिशा निर्देशों में कहा गया है कि डेट शीट में दिए गए विषयों के अतिरिक्त यदि 11वीं और 12वीं क्लास के स्टूडेंट्स की ओर से चुनी गई कोई ओर स्ट्रीम ( जैसे वोकेशनल) या कोई अन्य एडिशनल सब्जेक्ट की डेट शीट स्कूल हेड अपने स्तर पर बनाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी छात्रों को सभी विषयों की परीक्षा 31 जनवरी तक पूरी हो जानी चाहिए। प्री बोर्ड और टर्म परीक्षा-2 के पेपर पूरे सिलेबस में से लिए जाएंगे। पेपर का पैटर्न पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी नए पैटर्न के अनुसार पूरे अंकों का होगा। 8वीं, 10वीं के हिंदी, पंजाबी, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान व साइंस विषय के प्रश्न पत्र हेड ऑफिस की तरफ से भेजे जाएंगे। इसी तरह 12वीं कक्षा के लिए पंजाबी, अंग्रेजी, गणित फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बॉयोलॉजी, इक्नामिक्स, हिस्ट्री, जिओग्राफी, पॉलिटिकल साइंस, और कामर्स के तीनों सब्जेक्ट्स के लिए प्री बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र हेड ऑफिस से भेजे जाएंगे। वहीं नॉन बोर्ड क्लासेस के लिए टर्म एग्जाम-2 के प्रश्न पत्र स्कूल स्तर पर विषय शिक्षकों से स्कूल प्रमुख द्वारा तैयार कराए जाएंगे। वहीं पहली से पांचवी क्लास के लिए क्वेश्चन पेपर भी हेड ऑफिस से भेजे जाएंगे। हेड ऑफिस की ओर से भेजे जाने वाले प्रश्न पत्र परीक्षा के दिन से एक दिन पहले डीईओ सेकेंडरी व एलिमेंट्री की मेल आईडी पर भेजे जाएंगे और डीईओ ये पेपर उसी दिन सभी स्कूल हेड को ई-मेल के माध्यम से भेजेंगे। परीक्षाएं सुबह 9.30 से 12.30 बजे तक ली जाएंगी। वहीं यदि स्कूलों का समय बदल जाता है तो स्कूल लगने के आधे घंटे के बाद शुरू करके तीन घंटे का समय दिया जाएगा। इन परीक्षाओं के नंबर भी तय समय पर ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। वहीं, पेरेंट्स मीटिंग का आयोजन 1 फरवरी को करने के लिए कहा गया है।


