मऊगंज नगर में प्रस्तावित मऊगंज-बरहटा सड़क निर्माण को लेकर प्रभावित भूमि स्वामियों ने प्रशासन से प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमसम्मत बनाने की मांग की है। वार्ड क्रमांक 02 और 05 के भूमि स्वामियों ने बुधवार शाम 4 बजे कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि निष्पक्ष भूमि अधिग्रहण और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। भूमि स्वामियों को शासन के नियमानुसार मुआवजा स्वीकृत करने की मांग ज्ञापन में भूमि स्वामियों ने मांग की है कि सड़क का निर्माण सेंटर से किया जाए और दोनों ओर से समान भूमि का अधिग्रहण हो, ताकि किसी एक पक्ष को अनावश्यक नुकसान न पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित भूमि का रकबा राजस्व अधिकारियों द्वारा मौके पर चिह्नित कर जनहित में अधिग्रहित किया जाए और सभी भूमि स्वामियों को शासन के नियमानुसार मुआवजा स्वीकृत किया जाए। एक हफ्ते के अंदर सड़क के सेंटर में तीन बार बदलाव भूमि स्वामियों ने आरोप लगाया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी का ओर से बीते एक हफ्ते के अंदर सड़क के सेंटर में तीन बार बदलाव किया गया है। इस लगातार बदलाव से क्षेत्र में भ्रम और असमंजस की स्थिति बन गई है। उन्हें आशंका है कि बार-बार किए जा रहे इन परिवर्तनों से कुछ भूमि स्वामियों को अधिक और कुछ को कम प्रभावित किया जा सकता है। प्रशासन से मांगों से गंभीरता से लेने की अपील ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का निर्धारण एक बार स्थायी रूप से किया जाए। इससे निर्माण कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और विवाद रहित ढंग से पूरा हो सकेगा। भूमि स्वामियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर न्यायसंगत निर्णय लेगा।


