नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा शहर में आजाद वार्ड में एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की जान ले ली। यह घटना मंगलवार रात को हुई। 35 साल के तेजराम धानक और उसका छोटा भाई 23 साल का राकेश धानक घर पर बैठकर शराब पी रहा था। नशा चढ़ने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि तेजराम ने गुस्से में आकर पास रखा फावड़ा उठा लिया। गुस्से में तेजराम ने अपने छोटे भाई राकेश पर फावड़े से कई वार कर दिए। राकेश बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घरवाले आनन-फानन में उसे गाडरवारा के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान राकेश ने दम तोड़ दिया। आरोपी भाई गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी संदीप भूरिया ने बताया कि आरोपी भाई तेजराम को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।


