कपूरथला में रिटायर्ड इंस्पेक्टर से 4 लाख ठगे:जमीन बेचने का झांसा देकर एडवांस लिए, नहीं कराई रजिस्ट्री, पिता-पुत्र पर FIR दर्ज

कपूरथला में एक रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर से जमीन के सौदे में 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सुल्तानपुर लोधी थाने में पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह गांव टुर्ना लोहोयां खास के निवासी हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वह पंजाब पुलिस से इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हुए हैं। वर्ष 2023 में जब वह सुल्तानपुर लोधी डिवीजन में तैनात थे, तब उनकी पहचान शाहवाला अंदरिसा गांव के तरसेम सिंह से हुई। तरसेम सिंह ने लखविंदर सिंह को बताया कि उनकी पत्नी के दोनों भाइयों का निधन हो चुका है और उनके ससुर बलबीर सिंह के पास ताशपुर मेन रोड पर करीब 7 किला जमीन है। बलबीर सिंह यह जमीन अपनी दोनों बेटियों को उनका हिस्सा देना चाहते हैं। 40 लाख प्रति किला के हिसाब से तय हुआ सौदा तरसेम सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के हिस्से में आने वाली जमीन बेचकर कोई कारोबार शुरू करना चाहते हैं और अपने बेटे अजयदीप सिंह को विदेश भेजना चाहते हैं। इसके बाद, रिटायर्ड इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह और तरसेम सिंह के बीच 40 लाख रुपए प्रति किला के हिसाब से जमीन का सौदा तय हो गया। पीड़ित ने तरसेम सिंह और उनके बेटे अजयदीप सिंह को 4 लाख रुपए बयाना (अग्रिम भुगतान) के तौर पर दिए। हालांकि, बयाना लेने के बाद आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री कराने में टालमटोल शुरू कर दी। बेटे के नाम की जमीन देने का भरोसा दिलाया रिटायर्ड इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह ने बताया कि इसी दौरान उनकी मुलाकात तरसेम सिंह के ससुर बलबीर सिंह से हुई। बलबीर सिंह ने उन्हें बताया कि वह अपनी जमीन दोनों बेटियों के नाम नहीं करवाना चाहते, बल्कि अपनी पोती को देना चाहते हैं। यह जानने के बाद, पीड़ित ने सारी बात तरसेम सिंह को बताई। इस पर तरसेम सिंह ने कहा कि उनके बेटे अजयदीप सिंह के नाम पर शाहवाला अंदरिसा में 7 मरले की अपनी जगह है, जिसकी रजिस्ट्री वह करवा देंगे। लेकिन आरोपी ने न तो ताशपुर वाली जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही शाहवाला अंदरिसा की 7 मरले की रजिस्ट्री करवाई। और न ही बयाना के 4 लाख वापस किए। एसएचओ सोनमदीप कौर ने बताया कि, पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर कार्रवाई करते हुए आरोपी तरसेम सिंह तथा अजयदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *