आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएमएचओ और सिविल सर्जन को ओपीडी कक्ष के बाहर मरीजों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर बोलीं- मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही नहीं चलेगी कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठने, पेयजल और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सकों को समय पर उपस्थित रहकर मरीजों का उपचार करने के निर्देश दिए गए। सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर कलेक्टर ने सफाई सुपरवाइजर को फटकार लगाई और पूरे अस्पताल में प्रतिदिन फिनाइल से सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी सफाई में कमी मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। रोजाना निरीक्षण के निर्देश कलेक्टर ने सीएमएचओ और सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह जिला अस्पताल का भ्रमण करें। भ्रमण के दौरान साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों के उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया जाए। इसकी दैनिक रिपोर्ट व्हाट्सएप के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा गया है। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उपस्थिति रजिस्टर में निकली गड़बड़ी कलेक्टर ने चिकित्सकों और स्टाफ के उपस्थिति रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। रजिस्टर में अनियमितताएं और कई कर्मचारियों के हस्ताक्षर न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। बिना सूचना के अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। एक ही समय पर तीन चिकित्सकों को लंबा अवकाश स्वीकृत करने पर सिविल सर्जन को भी चेतावनी दी गई। ओपीडी और वार्डों का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण केंद्र और भर्ती वार्डों का दौरा किया। उन्होंने मरीजों से सीधे बात कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया। साथ ही कलेक्टर ने अस्पताल के सभी स्टाफ के आईडी कार्ड बनाने के भी निर्देश दिए।


