जोधपुर में नगर निगम ने सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रातानाडा सब्जी मंडी और आसपास के इलाकों से ठेले-खोखों सहित अवैध कब्जे हटाने का अभियान चलाया। इसके बाद अभियान का दूसरा चरण शुरू किया गया शास्त्री सर्किल के निकट से लेकर एमडीएम हॉस्पिटल रोड पर। यहां से टीम सामान जब्त कर किा। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण को हटाकर रास्ता साफ किया गया, ताकि आम लोगों और वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। नगर निगम की टीम ने रातानाडा सब्जी मंडी चौराहे से कार्रवाई शुरू कर दोनों ओर चल रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई की। हाईकोर्ट कॉलोनी रोड तक दुकानों के बाहर बढ़ाए गए शेड, बेतरतीब खड़े ठेले और बाहर रखे सामान को हटाया गया। कई जगह दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटा लिया, जबकि कई स्थानों पर निगमकर्मियों ने सामान जब्त किया। शिवम हॉस्पिटल के बाहर रखी बेंच और अन्य सामान भी निगम टीम ने हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। सेनापति भवन रोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ दुकानदार निगम की टीम से उलझ पड़े, जिस पर मौके पर मौजूद पुलिस जाब्ते ने स्थिति संभाली। अभियान के दौरान खंभों से बंधे ठेलों के ताले तोड़कर उन्हें भी हटाया गया, ताकि फुटपाथ और सड़क दोनों साफ हो सकें। निगम अधिकारियों के अनुसार, सब्जी मंडी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से दुकानों के बाहर अतिक्रमण और ठेले-खोखों के कारण जाम की स्थिति बन रही थी। अब लगातार अभियान चलाकर ऐसे सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर चालान व सामान जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर भी सख्ती बरती जा रही है। एमडीएम हॉस्पिटल रोड पर किया विरोध, हंगामा निगम की कार्रवाई का विरोध कर रहे ठेला व केबिन संचालकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और जेसीबी के सामने खड़े होकर आक्रोश जताया।


