बदनावर में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 25 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया गया। इसमें सबसे प्रमुख 13.11 करोड़ रुपए की लागत वाली बलवंती नदी जीर्णोद्धार परियोजना का भूमि पूजन रहा। इसके अलावा, अमृत-2 योजना के तहत 1.10 करोड़ की पेयजल लाइन और 23.50 लाख की लागत से बने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण भी किया गया। नगर को मिली नई फायर ब्रिगेड और ‘अटल पथ’ नगर की सुरक्षा के लिए साढ़े तीन हजार लीटर क्षमता वाली एक नई फायर ब्रिगेड की सौगात दी गई, जिससे अब नगर परिषद के पास कुल तीन फायर ब्रिगेड हो गई हैं। घोषणा करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव ने बताया कि बड़नगर रोड पर बन रही साढ़े 9 करोड़ की आदर्श सड़क का नाम अब “अटल पथ” होगा। केंद्रीय मंत्री और पूर्व मंत्री ने साझा किया विजन मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से बदनावर की तस्वीर बदलेगी और उनका प्रयास यहां से रेल लाइन गुजारने का है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कहा कि बदनावर चारों ओर से फोरलेन से जुड़ रहा है और बलवंती नदी का कायाकल्प नगर की आस्था और बदहाली को दूर करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। सुशासन के दो वर्ष और योजनाओं का लाभ भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्ष के कार्यकाल को उपलब्धियों भरा बताया। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को नवीन आंगनवाड़ी भवन की चाबियां, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वनिधि योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। अतिथियों ने 101 दीप प्रज्ज्वलित कर अटल जी के सुशासन के संकल्प को दोहराया। विकास के नए आयाम और भविष्य की योजनाएं अतिथियों ने बताया कि सरकार का जोर शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर है। पिटगारा से नागेश्वर तक फोरलेन सड़क बनाने के प्रयास जारी हैं। सम्मेलन में नगर परिषद की पूरी टीम और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित सभी छह मंडलों के अध्यक्ष मौजूद रहे, जिन्होंने आने वाली पीढ़ी के लिए एक उन्नत और सुंदर बदनावर बनाने का संकल्प लिया।


