लुधियाना। नेशनल फिनिशिंग एंड कलिनरी इंस्टीट्यूट (एनएफसीआई) द्वारा नेशनल कलिनरी चैलेंज के राउंड 2 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पहले राउंड में 120 छात्रों ने भाग लिया था, जिनमें से कड़े चयन के बाद 18 प्रतिभाशाली छात्रों को राउंड 2 के लिए चुना गया। राउंड 2 की थीम चावल मुख्य सामग्री के रूप में रखी गई थी, जिसमें व्यंजनों में रंग, कुरकुरापन और रचनात्मकता पर विशेष जोर दिया गया। छात्रों ने चावल को आधार बनाकर अत्यंत स्वादिष्ट, आकर्षक और नवाचारी व्यंजन तैयार किए। प्रस्तुत व्यंजन न केवल देखने में सुंदर थे, बल्कि स्वाद और तकनीकी दक्षता के स्तर पर भी अत्यंत प्रभावशाली रहे। पारंपरिक स्वादों के साथ आधुनिक प्रस्तुति और फ्यूजन अवधारणाओं ने इस राउंड को और भी रोमांचक बना दिया। इस राउंड का मूल्यांकन शेफ शाहन्तनु रॉय और शेफ हरपाल सिंह द्वारा किया गया। निर्णायकों ने छात्रों की रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि प्रस्तुत व्यंजन उद्योग मानकों के बेहद करीब थे। राउंड 2 के समापन पर 18 में से 6 छात्रों का चयन राउंड 3 के लिए किया गया। नेशनल कलिनरी चैलेंज 2026 का राउंड 3 पुष्पा गुजराल साइंस सिटी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें एनएफसीआई के सभी 21 कैंपसों से चयनित छात्र भाग लेंगे। एनएफसीआई का उद्देश्य ऐसे मंच प्रदान करना है, जो छात्रों को व्यावहारिक अनुभव, प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दें।


