एचईसी… वेतन भुगतान नहीं होने पर संयुक्त मोर्चा नाराज

एचईसी संयुक्त मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई, जिसमें एचईसी कर्मियों के वेतन भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों को यह उम्मीद थी कि प्रबंधन 25 दिसंबर से पहले वेतन का भुगतान करेगा, लेकिन तय समय तक वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में गहरी नाराजगी देखी गई। बैठक में संयुक्त मोर्चा से जुड़े छह यूनियनों ने प्रबंधन के रवैये पर कड़ा एतराज जताया। मोर्चा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि एचईसी के चारों निदेशकगण के साथ छह यूनियनों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल वार्ता करेगा और वेतन भुगतान को लेकर जवाबदेही तय की जाएगी। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि लेबर कमिश्नर धनबाद, एचईसी के सीएमडी और संबंधित मंत्रालय को पत्र लिखकर वेतन नहीं दिए जाने की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आगे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं। बैठक में एचईसी लिमिटेड श्रमिक कर्मचारी यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार, एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह, एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रामा शंकर प्रसाद, जनता मजदूर यूनियन के महामंत्री एसजे मुखर्जी, हटिया कामगार यूनियन के महामंत्री आरके शाही और हटिया लोकमंच यूनियन के सचिव विमल महली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। इधर, एचईसी सप्लाई मजदूर संघर्ष समिति की कोर कमेटी की बैठक नेहरू पार्क में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने एचईसी प्रबंधन पर गंभीर और सीधे आरोप लगाए। सदस्यों का कहना था कि एक ओर स्थायी कर्मियों का मेडिकल इंश्योरेंस नियमित रूप से जमा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सप्लाई कर्मियों का ईएसआई अब तक जमा नहीं किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *